अकलेरा में रेलवे स्टेशन तक स्थाई मार्ग बनाने की मांग
राज की बातें
झालावाड़। झालावाड़ जिले के मनोहरथाना विधानसभा क्षेत्र के अकलेरा में रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए अभी तक प्रशासन द्वारा स्थाई मार्ग नहीं बनवाया गया है। फिलहाल रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के लिए नहर के पास स्थित कच्चे मार्ग से वाहन निकलते है, जिसकी चौड़ाई भी बहुत कम है। बरसात में कच्चे मार्ग पर फिसलन होने के कारण कई बाइक सवार गिर जाते है, साथ ही नहर पास में होने के कारण दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। अकलेरा में ट्रेन का संचालन गत वर्ष 12 मार्च को ही हो गया था, 1 साल होने को है मगर आज भी मार्ग नहीं बन पाया है। क्षेत्रवासियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए मनोहरथाना कांग्रेस विधानसभा प्रत्याशी व यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष नेमीचंद मीणा ने शुक्रवार को उपखंड कार्यालय पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर रेलवे स्टेशन मार्ग बनवाने की मांग की है। मनोहरथाना विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी व यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने बताया कि घाटोली से कोटा तक रेल का संचालन हो रहा है। अकलेरा बड़ा स्टेशन है, यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री रेल का सफर करते है। मगर रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए मार्ग सही नहीं है। अभी तक स्थाई मार्ग नहीं बन पाया है।नहर के पास निकल रहे कच्चे मार्ग से यात्री रेलवे स्टेशन पहुंचते है। वाहन चालकों को बहुत परेशानियां उठानी पड़ती है। कच्चे मार्ग में शुरुआत में ही दोनों तरफ खाई होने के कारण वाहन चालकों का गिरने का अंदेशा रहता है। बरसात में कच्चा मार्ग होने से परेशानी और बढ़ जाती है। रेलवे स्टेशन स्थाई और पक्का मार्ग बनना आवश्यक है जिससे नागरिकों की समस्या का समाधान हो सके उनको राहत मिले।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें