छात्र राजनीति से निकलकर झालरापाटन पालिकाध्यक्ष बना युवा चेहरा अंशु गुप्ता, समर्थकों में खुशी की लहर
राज की बातें/जयन्त पोरवाल:
झालरापाटन। नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को मतदान हुआ। जिला एवं पुलिस प्रशासन ने मतदान को लेकर सोमवार सुबह से ही मतदान स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की, जिसके तहत नगर पालिका सभागार में बनाए गए मतदान स्थल के लिए बालचंद चिकित्सालय से लेकर पीपली बाजार तक के क्षेत्र को बेरिकेटिंग लगाकर आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने पहचान पत्र देखकर ही लोगों को आने जाने की अनुमति दी। नगरपालिका चुनाव संपन्न होने के बाद बाडाबंदी में ले जाए भारतीय जनता पार्टी के सभी पार्षद सुबह 10:40 बजे एक ही बस में बैठकर आए, जिन्हें नगरपालिका कार्यालय के यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बस से नीचे उतारा गया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने पार्षदों के पहचान पत्र और प्रमाण पत्र की जांच की और उन्हें मतदान के लिए मतदान स्थल जाने दिया। मतदान स्थल पहुंचने पर निर्वाचित जिन पार्षदों ने शपथ नहीं ली थी पहले उन्हें शपथ दिलाई गई और इसके बाद सभी 22 पार्षदों ने बारी-बारी से मतदान किया। मतदान के बाद 11:55 बजे सभी पार्षद वापस बस में बैठकर बाडाबंदी में ले जाएंगे, जिन्हें कल नगरपालिका उपाध्यक्ष पद के मतदान के लिए वापस लाया जाएगा और मतदान करने के बाद इन्हें छोड़ा जाएगा।
अंशु गुप्ता बने नगरपालिका अध्यक्ष
भाजपा से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी 33 वर्षीय युवा अंशु गुप्ता को 24 मत मिले, वहीं कांग्रेस के रिजवान अहमद को 6 व आम आदमी पार्टी के नदीम मंसूरी को पांच मत मिले। इसी के साथ अंशु गुप्ता नगर पालिका अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
छात्र राजनीति से अध्यक्ष तक का सफर
अंशु गुप्ता छात्र राजनीति में राष्ट्रवादी संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सेवा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, व्यापार संघ झालरापाटन कार्यकारिणी सदस्य, पूर्व के नगर पालिका बोर्ड में भाजपा से पार्षद एवं पोरवाल समाज में युवा संगठन के विभिन्न पदों पर रहकर बहुत ही कम उम्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
जिला संगठन प्रभारी गणेश माहुर व सहयोगी मदन चारण ने कहा कि कार्यकर्ताओ के बल पर नगर की जनता ने आशीर्वाद दिया है। भूमि विकास बैंक के पूर्व चेयरमैन नरेंद्र डांगी ने कहा कि भाजपा नीति हमेशा युवा नई सोच वाले व्यक्ति को आगे लाने की है।
विकास कार्यों की जीत
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अंशु गुप्ता ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं सांसद दुष्यंत सिंह के मार्गदर्शन में गत पांच वर्षों में भाजपा बोर्ड द्वारा विकास की गंगा बहाने पर नगर की जनता ने जो आशीर्वाद दिया है। उसे बनाए रखा जाएगा।
निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा मनीष चाँदवाड़ ने कहा कि यह जीत आलोचको को मुँह पर तमाचा है गत बोर्ड से अधिक सीटे जीतने पर नगर की जनता का आभार। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं सांसद दुष्यंत सिंह के निर्देशन में गत पांच वर्षों में नगर के चहुंमुखी विकास की जीत है।
नगर पालिका कर्मचारी का बेटा बना पालिकाध्यक्ष
अंशु गुप्ता 33 वर्षीय दुसरी बार का पार्षद निर्वाचित हुआ अध्यक्ष, पिता गोपाल लाल पोरवाल सहायक कर्मचारी नगरपालिका में थे।
नगरपालिका के बाहर ये थे मौजूद
मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, तूफान गुर्जर, धर्मेन्द्र सेठी, योगेश झड़िया, पवन पालीवाल, अजय गुर्जर, गुर्जर महासभा के प्रदेश संयोजक देवकरण गुर्जर, सुनील पोरवाल, जयन्त पोरवाल, नवीन पोरवाल सहित सैकड़ो लोग मौजूद थे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें