कृषि विज्ञान केंद्र में संत तुलसी स्कूल के विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण, सीखी खेती की आधुनिक तकनीकें

राज की बातें/जयन्त पोरवाल:

झालरापाटन। संत तुलसी स्कूल के लगभग 60 विद्यार्थियों ने बुधवार को कृषि विज्ञान केंद्र झालावाड़ का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने जैविक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रों और बागवानी की व्यावहारिक जानकारी हासिल की।
कृषि विज्ञान केंद्र के एसआरएफ दिनेश चौधरी ने विद्यार्थियों को केंचुआ खाद, जीवामृत और नीमास्त्र जैसी प्राकृतिक खाद बनाने की विधियों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि रासायनिक खाद के बिना भी फसलों को अच्छा पोषण दिया जा सकता है।
कृषि अध्यापक रामनिवास वैष्णव ने छात्रों को खेती में उपयोग होने वाली आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने प्रकाश पाश, फेरोमोन पाश और चिपचिपे पाश के उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया, जो कीटों से फसल बचाने में सहायक हैं। इसके बाद छात्रों ने क्रॉप कैफेटेरिया में रबी फसलों की विभिन्न किस्मों का अवलोकन किया।
केंद्र पर मौजूद कृषि यंत्रों एवं मशीनरी को देखकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया। उन्होंने टिलेज मशीन, सीड ड्रिल, रीज मेकर,  तथा फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़ी मशीनों के कार्य करने के तरीके को समझा। विशेषज्ञों ने बताया कि इन मशीनों के उपयोग से समय एवं लागत की बचत होती है, साथ ही खेती की उत्पादकता में वृद्धि होती है।
विद्यार्थियों ने केंद्र की नर्सरी इकाई का भी भ्रमण किया, जहां उन्होंने विभिन्न फलदार पौधों, सब्जियों एवं सजावटी पौधों की तैयारी एवं देखभाल की विधियां सीखीं। नर्सरी में पौध तैयार करने से लेकर उनकी ग्राफ्टिंग एवं रोपाई तक की प्रक्रिया को बारीकी से समझा।
केंद्र पर विद्यार्थियों ने पशुपालन की आधुनिक विधियां भी देखीं। उन्होंने सिरोही नस्ल की बकरियों का पालन और मुर्गीपालन इकाई पर प्रतापधन नस्ल की मुर्गियों को देखा, जिससे उन्हें पशुपालन के क्षेत्र में नए आयामों की जानकारी मिली।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रेखा राठौर ने कहा कि यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक शिक्षा का बेहतरीन अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि जैविक खेती न केवल सेहत बल्कि पर्यावरण के लिए भी लाभदायक है।
इस अवसर पर विद्यालय निदेशक राहुल राठौर, सत्यनारायण राठौर, विपिन राठौर और पंकज चौहान सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

रोडवेज बसों के संचालन की बिगड़ी व्यवस्था, अब सिविल डिफेंस वाले संभालेंगे काम

कोर्ट ने राजाराम मीणा को तबादले पर दिया स्टे, मीणा बोले राजनैतिक द्वेषता से करवाया था मेरा तबादला

राशन डीलर के घर दावत उड़ाने के मामले में जिला रसद अधिकारी सवालों के घेरे में